महाभारत को आधुनिक तकनीक से जीवंत देखना है तो आएं ज्योतिसर - सैनीमहाभारत को आधुनिक तकनीक से जीवंत देखना है तो आएं ज्योतिसर - सैनी

चंडीगढ़, 4 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व का कोई भी नागरिक यदि महाभारत की कथा को आधुनिक तकनीक के जरिए अपने सामने जीवंत देखना चाहते हैं, तो वो कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में आएं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन किया था। महाभारत और भगवद्गीता की समृद्ध विरासत को समर्पित यह महाभारत अनुभव केंद्र हरियाणा के साथ-साथ देश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है।         

मुख्यमंत्री शुक्रवार को ज्योतिसर के महाभारत अनुभव केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ज्योतिसर तीर्थ पर मथा टेका, विधि पूर्वक पूजा अर्चना करके प्रदेश की सुख शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण व राधा बने बच्चों को प्यार दिया।

श्री नायब सिंह सैनी ने महाभारत अनुभव केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात गीता ज्ञान संस्थानम् परिसर में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज की कथा में शिरकत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत अनुभव केंद्र का उद्देश्य महाभारत की महाकाव्य कथा और भगवद्गीता की कालजयी शिक्षाओं को पारंपरिक कहानी कहने और आधुनिक तकनीक के मेल से लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र लगभग 17 एकड़ में फैला हुआ है और इसमें एक लाख वर्ग फुट से अधिक इनडोर स्थान है। 

श्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क हैं। किसानों की धान की खरीद भी की जाएगी। जिस धान की फसल में ज्यादा नमी होती है, उससे आढ़ती, एजेंसी को समस्या होती है। निर्धारित नमी के पैरामीटर के तहत धान को लेकर आएं। किसानों को फसल खरीद के सीजन में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।            

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *