चंडीगढ़, 24 फरवरी। चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच समझौता हो गया है। समझौते के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। आप इसमें सहयोग करेगी। चंडीगढ़ में आप की तरफ से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के मेयर बनने के बाद दोनों पार्टियों ने यह फैसला किया है।
वहीं, शनिवार को चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने बकायदा वीडियो जारी कर गठबंधन की सहयोगी आप का धन्यवाद किया।
सुप्रीम कोर्ट के मेयर चुनाव के फैसले से बदला परिदृश्य
वहीं, सुप्रीम कोर्ट के हाल ही में चंडीगढ़ मेयर के चुनाव के फैसले के बाद राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आया गया। इससे पहले तक गठबंधन में रार पड़नी शुरू हो गई थी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से उत्साहित आप और कांग्रेस ने मिलकर पत्रकार वार्ता के साथ जश्न मनाया था। जिसके बाद से ही गठबंधन की गांठ फिर से बंधने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया था।
कांग्रेस में दावेदार अनेक, हाईकमान करेगी तय नाम
वहीं, कांग्रेस में चंडीगढ़ संसदीय सीटी के लिए कई दावेदार मैदान में हैं। पिछले दिनों बकायदा आवेदान प्रक्रिया भी पार्टी ऑफिस में हुई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के अलावा प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की भी दावेदार हैं। इसी तरह कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी आवेदन प्रक्रिया हुई थी। अब यह पार्टी हाईकमान ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान करना हैं।
दिल्ली में हुई थी बैठक
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में एक बैठक हुई थी। इस बैठक में कांग्रेस के मुकुल वासनिक, चंडीगढ़ प्रारी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राजीव शुक्ला, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर संदीप पाठक, सांसद राघव चड्ढा, दिल्ली की मंत्री आतिशी और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शामिल हुए थे।
बताया जाता है कि बैठक में कई राज्यों की सीट शेयरिंग पर चर्चा हुई थी। इसमें चंडीगढ़ की लोकसभा सीट कांग्रेस को देने पर लगभग सहमति बन चुकी है।
सोमवार को चंडीगढ़ आ सकते हैं केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ आ सकते हैं। इसी दिन गठबंधन के मेयर उम्मीदवार कुलदीप कुमार की ताजपोशी भी की जाएगी। वहीं आप सुप्रीमो सैक्टर 34 में एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इस जनसभा के दौरान ही वह चंडीगढ़ लोकसभा सीट को लेकर घोषणा कर सकते हैं।
अब 27 को सीनियर डिप्टी मेयर-डिप्टी मेयर की दूसरी परीक्षा
वहीं, 27 फरवरी को चंडीगढ़ नगर निगम में होने वाले सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों मिलकर वोटिंग करेंगे। हालांकि अभी तक गठबंधन का बहुमत नहीं है। आप के तीन पार्षदों के भाजपा में जाने से गठबंधन को झटका लगा है। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए गठबंधन से कांग्रेस के उम्मीदवार पार्षद मैदान में होंगे।