सीएम सैनी ने खरड़ में श्री राम कथा के समापन समारोह में की शिरकतसीएम सैनी ने खरड़ में श्री राम कथा के समापन समारोह में की शिरकत

चंडीगढ़, 14 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार देर सांय को श्री राम भवन, खरड़ में आयोजित श्री राम कथा के भव्य समापन समारोह में सम्मिलित होकर प्रभु श्री राम जी की दिव्य कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री राम भवन में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम जी का दिव्य चरित्र मानवीय मूल्यों, मर्यादा पालन, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और दृढ़ आचरण का अनुपम आदर्श है। उनका संपूर्ण जीवन हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रभु श्री राम ने अपने जीवन और आचरण से समाज के समक्ष ऐसे आदर्श स्थापित किए, जो सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने प्रत्येक परिस्थिति में मर्यादा, सत्य, धैर्य और धर्म का पालन किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्ति को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने मूल्यों और कर्तव्यों से विचलित नहीं होना चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम कथा केवल प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों का वर्णन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों का संदेश भी है। श्री राम कथा के श्रवण से हमें अपने जीवन में सेवा, सद्भाव, करुणा, संयम और कर्तव्यपरायणता जैसे गुणों को आत्मसात करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को एकता, भाईचारे तथा परस्पर सम्मान के सूत्र में बांधने का मार्ग दिखाते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के कल्याण में अपना योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री राम भवन में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने श्री राम कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर  पर पंचकुला के मेयर श्री  श्याम लाल बंसल व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौज़ूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *