मंत्री चीमा ने कर्मचारी यूनियनों और परिवहन संगठनों के साथ की व्यापक बैठकेंमंत्री चीमा ने कर्मचारी यूनियनों और परिवहन संगठनों के साथ की व्यापक बैठकें

चंडीगढ़, 28 जुलाई। पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां परिवहन क्षेत्र तथा सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ उनकी जायज मांगों एवं कार्य संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए क्रमवार व्यापक बैठकें कीं।

परिवहन क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण बैठकों के दौरान परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब स्टेट गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन तथा स्मॉल स्केल बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया।
परिवहन उद्योग को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए और भगवंत मान सरकार की इस क्षेत्र के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री चीमा ने कहा, “पंजाब सरकार परिवहन क्षेत्र को हरसंभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोनों एसोसिएशनों की सभी जायज मांगों का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।”

प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने परिवहन विभाग के सचिव वरुण रूजम तथा राज्य परिवहन आयुक्त परनीत शेरगिल को निर्देश दिए कि वे परिवहन यूनियनों द्वारा सौंपे गए मांग-पत्रों का गंभीरता से अध्ययन करें, प्रमुख मुद्दों के ठोस समाधान तैयार करें तथा मामलों को अंतिम रूप देने के लिए शीघ्र अगली बैठकें आयोजित करें।

परिवहन क्षेत्र की बैठकों के अतिरिक्त, कर्मचारियों के मुद्दों के समाधान के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उप-कमेटी के चेयरमैन के रूप में श्री चीमा ने जी.पी.डब्ल्यू.एस.सी. वाटर सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन पंजाब, एन.एच.एम. इंप्लाइज यूनियन, आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन तथा पंजाब प्रदेश पल्लेदार मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की।
कर्मचारी एवं मजदूर संगठनों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री चीमा ने कहा, “पंजाब सरकार आपकी मांगों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से ले रही है तथा समय पर राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक कदमों पर सक्रियता से विचार किया जा रहा है।”

बैठकों के दौरान पंजाब स्टेट गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से चरण सिंह लाहौरिया, जे.पी. अग्रवाल, बलराज शर्मा, कॉमरेड प्रेम सिंह बनूड़ एवं शमिंदर सिंह बराड़; स्मॉल स्केल बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन की ओर से दर्शन सिंह, संदीप शर्मा, जगरूप सिंह एवं बरिंदर सिंह; जी.पी.डब्ल्यू.एस.सी. वाटर सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन की ओर से बेअंत सिंह एवं अवतार सिंह; एन.एच.एम. इम्प्लॉइज यूनियन की ओर से संदीप कौर, जसवीर सिंह एवं डॉ. वाहिद मोहम्मद; आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन की ओर से गुरजिंदर सिंह औलख, हरमनदीप सिंह सिद्धू एवं नजर सिंह; तथा पंजाब प्रदेश पल्लेदार मजदूर यूनियन की ओर से शिंदरपाल सिंह एवं जगतार सिंह ने अपने-अपने संगठन की मांगें एवं समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *