आप ने किया कुरुक्षेत्र से चुनावी कैंपेन का आगाजआप ने किया कुरुक्षेत्र से चुनावी कैंपेन का आगाज

कुरुक्षेत्र, 10 मार्च। आम आदमी पार्टी ने रविवार को कुरुक्षेत्र से चुनावी कैंपेन का आगाज कर दिया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने “बदलेंगे कुरुक्षेत्र, बदलेंगे हरियाणा, इबके इंडिया को जिताना” नारे के साथ चुनावी कैंपेन का आगाज किया।
उनके साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र से इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा और प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सैनी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

केजरीवाल ने चुनावी कैंपेन जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक महीने के बाद लोकसभा का चुनाव है। किसी भी समय आचार संहिता लग सकती है। इस बार कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन की तरफ से आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता हैं। बहुत सारी पार्टियां आपके पास आएंगी। मैं ज्यादा लच्छेदार बातें नहीं करता। मैं आपकी बात करूंगा। उन्होंने कहा कि “मैं आपसे पूछना चाहता हूं इन 10 सांसदों ने पिछले 10 साल में आपके लिए क्या किया?”

उन्होंने कहा की मैं आपकी बात करूंगा, अपनी सोचो, अपने घर की सोचो, देश की सोचो। बाकी इन पार्टियों के चक्कर में क्या पड़ा है? इन पार्टियों ने तो 75 साल में देश को लूट लिया। एक महीने बाद चुनाव है, इस चुनाव में आपको अपना सांसद चुनना है। किसे वोट दें ? पिछले दस साल से आप हरियाणा की 10 की 10 सीटें बीजेपी को दे रहे हो। बीजेपी के एमपी जीता कर भेज रहे हो। मैं आपसे पूछना चाहता हूं इन 10 सांसदों ने पिछले 10 साल में आपके लिए क्या किया? कोई एक काम किया हो तो मुझे बताओ, मैं राजनीति छोड़ दूंगा।

उन्होंने कहा कि इन 10 के 10 सांसदों ने जनता के लिए कुछ नहीं किया। ये जनता के सांसद नहीं हैं, ये बीजेपी के एमपी हैं। बीजेपी के गुलाम हैं। बीजेपी कहती है उठ तो उठते हैं, बीजेपी कहती है बैठ तो बैठते हैं। आपके ऊपर इतनी मुसीबत आई तो कहां थे ये लोग? हमारी हरियाणा की पहलवान बेटियों के साथ अत्याचार किए गए, गलत काम किया गया, उनके साथ छेड़छाड़ हुई।जब वे धरना प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली गई तो उन्हें लाठियों से पीटा गया। मैं गया था जंतर मंतर पर उनका साथ देने के लिए। आपके 10 एमपी कहां थे? तालियां बजा रहे थे जब आपकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ की गई। घर में बैठकर पार्टियां कर रहे थे, जब आपकी बेटियों को छेड़ा जा रहा था।

उन्होंने कहा अभी जब हरियाणा और पंजाब के किसान दिल्ली जाना चाहते थे, उनको बॉर्डर पर रोक लिया गया। क्या कसूर था किसानों का ? यही तो बोल रहे थे कि फसलों के पूरे दाम दो। किसानों को फसलों के पूरे दाम मिलने चाहिए, लेकिन किसानों को बदले में क्या मिला? ऊपर से गोले छोड़ दिए गए। चाइना और पाकिस्तान पर गोले छोड़ने की हिम्मत नहीं है इनकी, किसानों के ऊपर गोले छोड़े गए। एक किसान का बेटा शहीद हो गया। जब किसानों के ऊपर गोले छोड़े जा रहे थे, आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे थे, रबड़ की गोली मार रहे थे। वाटर कैनन मार रहे थे तो कहां थे आपके 10 एमपी ?  उस समय ये बीजेपी के सांसद तालियां बजा रहे थे। इनको बहुत मजा आ रहा था कि किसानों को पीट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी के सांसद कभी आपकी आवाज नहीं बन सकते। आजकल तो ये बीजेपी वाले पूरे देश में घूम घूम कर बोल रहे हैं कि हमारी तो 370 सीटें आ रही हैं। हमें आपकी वोट चाहिए ही नहीं? तो क्यों दे रहे हो वोट ? मैं दिल्ली से आपके बीच आया हूं वोट मांगने। हाथ जोड़कर, आपके पैर छूकर आपकी वोट मांगने आया हूं। सुशील गुप्ता जी घर घर घूमकर आपके पैर छूकर वोट मांग रहे हैं। हमें आपकी वोट चाहिए। हमें आपकी वोट लेकर जितना है। बीजेपी वालों को तो आपकी वोट चाहिए ही नहीं। हमें आपकी वोट चाहिएं।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज कुरुक्षेत्र की धरती से हरियाणा को बदलने की शुरुआत होने जा रही है। आज का दिन पंजाब के इतिहास में भी बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि आज ही के दिन दो साल पहले पंजाब को 92 सीटें मिल चुकी थी। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बड़े बड़े किलों को पस्त किया था। उन्होंने कहा कि आज हम आपसे अपील करने आए हैं कि देश का संविधान खतरे में है, संविधान और देश को बचाना जरुरी है। क्योंकि इस देश की सत्ता पर अहंकारी लोग बैठे हैं लेकिन अहंकार और भगवान को बैर होता है और जनता में भगवान बसता है। यदि जनता चाहे तो फर्स से अर्श पर और अहंकारी का अर्श से फर्श पर ला सकती है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की दशा और दिशा बदल कर रख दी, बड़ी बड़ी पार्टियों को अपना एजेंडा बदलने पर मजबूर कर दिया और अरविंद केजरीवाल ने नाम की नहीं काम की राजनीति की शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *