चंडीगढ़, 25 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी द्वारा भारतीय-ए टीम के लिए यूएई के खिलाफ मात्र 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचने पर उन्हें शुभकामनाएं दी और सूर्यवंशी को आने वाले क्रिकेट जगत का शंखनाद बताया। वहीं उन्होंने पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को लेकर आप पार्टी द्वारा दिए गए बयान पर तीखा प्रहार करते हुए आप पार्टी को ही ठग बताया।
विज ने आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में चमत्कार कर दिया है और छोटी उम्र में 52 गेंदों पर दोहरा शतक लगाकर तहलका मचा दिया है। उन्होंने कहा ये आने वाली क्रिकेट के भविष्य का शंखनाद है। वैभव सूर्यवंशी ने भारत का नाम रोशन कर दिया है और 140 करोड लोगों की शुभकामनाओं से कई और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। वैभव सूर्यवंशी को मंत्री अनिल विज ने शुभकामनाएं दी।
“ठगी से हुआ था आम आदमी पार्टी का जन्म, पार्टी के गुरू केजरीवाल को उखाड़कर फेंका अब केजरीवाल के चेले भगवंत मान को पंजाब से उखाड़ फेंकेंगे” : मंत्री अनिल विज
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा दिए ठगों व अवसरवादी जैसे बयानों पर पलटवार करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि ठग कौन है यह सारी दुनिया जानती है। आम आदमी पार्टी का तो जन्म ही ठगी से हुआ था। अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली में आंदोलन किया था और उनको भारी समर्थन मिला था लेकिन अन्ना हजारे जी ने कभी एक बार भी नहीं कहा कि वह राजनीतिक पार्टी बनाकर सुधार करना चाहते हैं लेकिन इन्होंने उनकी लोकप्रियता को ठगी से चुराकर और लोगों को जोड़कर अपनी पार्टी बना ली लेकिन बेईमानी का काम बार-बार नहीं चलता। दिल्ली से आम आदमी पार्टी के गुरु अरविंद केजरीवाल को हमने उखाड़कर फेंक दिया है और अब पंजाब में आम आदमी पार्टी केजरीवाल के चेले भगवंत मान को भी उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होंने कहा कांग्रेस को सभी जगह पर हाशिए पर धकेल दिया है और लगभग 22 प्रांतों से कांग्रेस हार चुकी है और भाजपा ने वहां पर सरकारें बनाई है। वहीं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पंजाब चुनाव की भविष्यवाणी करते हुए कहा पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन मिलकर सरकार बनाएंगे।

