चंडीगढ़, 13 सितंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी का सूरत-ए-हाल बदलने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। त्वरित पानी निकासी के लिए पहले अम्बाला छावनी के पुराने सदर क्षेत्र में 65 करोड़ की लागत से स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डाली गई थी और उसका नतीजा यह था कि बरसातों में पानी खड़ा नहीं हुआ, साथ ही मक्खी-मच्छर भी नहीं रहे। अब हमारा लक्ष्य सारे अम्बाला छावनी को ओपन नाली मुक्त करना है। हम चाहते हैं कि सारा शहर नाली मुक्त हो। इसीलिए आज लगभग 58 करोड़ रुपए की लागत से स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डालने के कार्य की शुरूआत एकता विहार से की जा रही है जिसका लोगों को अत्याधिक लाभ मिलेगा।
विज ने कहा कि इस कार्य के होने के बाद यह क्षेत्र खुली नाली मुक्त होगा। उन्होंने कहा अभी जगाधरी रोड गोविंद नगर से सहारनुपर रेल लाइन की ओर टांगरी बांध तक स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन डाली जा रही है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन हरभजन सिंह को निर्देश दिए कि वह तीन-चार टीमें बनाए ताकि लालकुर्ती क्षेत्र, बीसी बाजार, ऑउटर लार्ज रोड के साथ-साथ एकता विहार क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाईपलाईन डालने का कार्य किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि एकता विहार क्षेत्र में जहां कार्य का शिलान्यास किया गया है वहां नालियों का लेवल ठीक करवाकर इस कार्य को करवाएं, ताकि बरसात के दिनों में बरसाती पानी की निकासी सुगमता से हो सकें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आगे जगाधरी रोड से डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र की ओर स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाईपलाईन डालने का काम किया जाएगा जिससे पूरा अम्बाला नाली मुक्त हो जाएगा।
श्री विज ने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहा कि अम्बाला छावनी को सुन्दर एवं विकसित बनाया जाए और इसके लिए लोगों ने जो ताकत एवं आर्शीवाद दिया है उसके तहत उन्होंने अम्बाला छावनी में अनगिनत विकास कार्यो को करवाने का काम किया हैं।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर एसडीएम कनिका गोयल ने पुष्पगुच्छ देकर तथा भाजपा कार्यकर्ताओं व अन्य गणमान्य लोगों ने फूल माला पहनाकर उनका भव्य अभिन्नदन किया। परिवहन मंत्री अनिल विज ने निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने लोगों को सहयोग करने का आह्वान किया*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन डालने के कार्य के दौरान लोगों के घरों के आगे थड़ों को तोड़ा जाएगा ताकि पानी लाइन को डाला जा सके। इसके लिए उन्होंने लोगों से पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पहले जब सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइन डाली गई तो लोगों को पूरा सहयोग दिया जिस वजह से आज वहां पानी निकासी बेहतर हो रही है।
*कांग्रेस ने शहर के विकास को तवज्जों न देते हुए केवल श्रेय लेने की कोशिश की : मंत्री अनिल विज*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि पहले 60-70 वर्ष कांग्रेस ने राज किया, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री इनके रहे मगर इन्होंने शहर के विकास को तवज्जों न देते हुए केवल श्रेय लेने की कोशिश की। उन्होंने कहा हमने टांगरी नदी पर 8 किलोमीटर लंबा बांध बनाकर दिया जिसे जीटी रोड से जोड़ा गया है। चार रेलवे फाटकों की जगह अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए हैं, केवल मच्छौंडा में ओवरब्रिज बनना शेष है। उन्होंने कहा टांगरी नदी हमारे जन्म से पहले ही थी, मगर कांग्रेस की सरकारों ने नदी किनारे बांध पक्का नहीं कराया मगर भाजपा सरकार आते ही हमने यह काम कराया और लाखों लोगों को पानी से सुरक्षा प्रदान की। अब कही बरसात के कारण एक-दो फुट पानी खड़ा होता है तो विपक्ष उसकी फोटो शूट करने लगता है, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के समय तो बरसातों में अम्बाला में किश्तियां तक चलती थी। कैबिनेट मंत्री ने इस मौके पर विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि बाढ़ से बचाने के लिए टांगरी की खुदाई कराई गई वहीं महेशनगर पंप हाउस पर पम्पों की क्षमता बढ़ाते हुए नए पम्पों को लगाया गया।
*महेशनगर ड्रेन के शेष हिस्से को पक्का करने हेतु 22 करोड़ की लागत से टेंडर अलॉट : अनिल विज*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि महेश नगर ड्रेन के शेष हिस्से को पक्का करने के लिए 22 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है और इसके तहत वर्क भी अलॉट हो चुका है। बरसाती सीजन खत्म होते ही यहां पर काम शुरू हो जाएगा। ड्रेन निर्माण का डिजाइन आईआईटी रूड़की से तैयार कराया गया है जिससे भविष्य में मशीनों के माध्यम से ड्रेन की बेहतर साफ-सफाई हो सकेगी।
*सेंट्रल नाले को बंद किया जिससे आसपास रहने वालों का जीवन बदला : अनिल विज*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने सदर क्षेत्र में सेंट्रल नाले को बंद किया जिसका आज वहां के लोगों को लाभ मिल रहा है और उनका जीवन बदला है। पहले लोग अपने घर का पता नाले के किनारे बताते थे मगर अब अंडरग्राउंड पाइप लाइन डलने से लोग ऊपर चारपाई व कुर्सियां लगाकर आराम से बैठते हैं।
*अम्बाला छावनी के विकास हेतु कई प्रोजेक्ट लगवाए : अनिल विज*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि इससे पहले भी हमने शहर में बड़े बड़े प्रोजैक्ट लगवाकर दिए हैं, जोकि आज नजर आते हैं। अगर एक सिरे से परियोजनाओं के बारे में बताया जाए तो उनमें नहरी पानी, राजकीय कॉलेज अम्बाला छावनी, बस स्टैंड अम्बाला छावनी, अनाज मंडी, शहीदी स्मारक, साईंस म्यूजियम, एसडीएम कार्यालय अम्बाला छावनी, नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी, अटल कैंसर केयर सैन्टर, फीका से अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वैदर स्वींमिग पूल, जिम्रास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल, बैंक स्क्वेयर, नगर परिषद कार्यालय, व्यायामशालाएं, सुभाष पार्क, एनसीडीसी सेंटर के साथ-साथ अनेको ऐसी परियोजनाएं है जिन्हें बनवाने का काम किया गया हैं।
इस मौके पर एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद् अध्यक्ष स्वर्णजीत कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, मंडल प्रधान हर्ष बिन्द्रा, मंडल प्रधान रवि बुद्धिराजा, भाजपा पदाधिकारी जसबीर सिंह जस्सी, सुरेन्द्र बिंद्रा, बिजेन्द्र चौहान, आरती सहगल, मदन लाल शर्मा, एडवोकेट पुनित सरपाल, रमन छतवाल, फकीर चंद सैनी, कार्यकारी अभियन्ता हरभजन सिंह के साथ-साथ अन्य सम्बधिंत मौजूद रहें।
अम्बाला छावनी को ओपन नाली मुक्त बनाने का लक्ष्य - विज 