बहल, (भिवानी, 4 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस कभी वोट चोरी तो कभी ईवीएम का बहाना लेकर जनता के बीच आती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी अपने सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछेंगे कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्हें झज्जर के तत्कालीन डीसी से मिली कथित ‘विशेष मदद’ क्या थी?
रविवार को अनाज मंडी बहल में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री जयप्रकाश दलाल द्वारा आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा स्वयं सार्वजनिक रूप से वर्ष 2009 के चुनाव में तत्कालीन डीसी चंद्रप्रकाश से विशेष मदद मिलने की बात कह चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि कोई प्रशासनिक अधिकारी चुनाव में किसी प्रत्याशी की किस प्रकार मदद कर सकता है?
डॉ. गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अदालत द्वारा रद्द किए जाने के बाद देश पर आपातकाल थोपा गया और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला गया। इसलिए कांग्रेस को आज लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वायनाड, केरल या कर्नाटक में चुनाव जीतती है तो ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया ठीक होती है, लेकिन हारते ही वोट चोरी और ईवीएम पर सवाल शुरू हो जाते हैं। लोकतंत्र में जनादेश को स्वीकार कर हार के वास्तविक कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसान, युवा, महिला, गरीब और मजदूर के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और मृदा स्वास्थ्य जैसी योजनाओं से किसानों को सुरक्षा मिली है। पीएम कुसुम योजना के माध्यम से अन्नदाता किसान को ऊर्जादाता किसान बनाने की दिशा में काम हो रहा है। हरियाणा सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदकर किसानों के हितों की रक्षा कर रही है। उन्होंने किसानों से एफपीओ के माध्यम से संगठित होकर आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने का भी आह्वान किया।
डॉ. गुप्ता ने उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, मुद्रा योजना, पीएम आवास योजना, हर घर नल से जल और घर-घर शौचालय जैसी योजनाओं को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव का आधार बताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के क्षेत्र के विकास में योगदान की भी सराहना की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोहारू विधानसभा क्षेत्र में टेल तक नहरी पानी पहुंचाने, अनाज मंडियों और सड़कों के सुदृढ़ीकरण सहित अनेक विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, जिला प्रभारी डॉ. अरविंद यादव, विधायक घनश्याम सर्राफ, कपूर वाल्मीकि, सुनील सांगवान व कंवर सिंह यादव, पूर्व विधायक शशि परमार, मुकेश गौड़, माटी कला बोर्ड चेयरमैन अनूप सिंह प्रजापत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

