चंडीगढ़, 13 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही आज कांग्रेस खत्म हो चुकी है और जनता ने इन पर पूरी तरह विश्वास खो दिया है। कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत है और न नेतृत्व है।
मुख्यमंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोगों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस विधायकों द्वारा सदन से वॉकआउट करने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष में सच्चाई सुनने की क्षमता नहीं है। 2029 में तो कांग्रेस सदन में ही नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, वे केवल झूठ बोल कर आरोप लगाने के काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने निकाय चुनावों में कहा था कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण कांग्रेस जीरो पर आउट होगी और परिणाम ये रहा कि एक भी प्रत्याशी जीत नहीं पाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झूठ बोलकर एक नैरेटिव फैलाया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान खत्म हो जाएगा। जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तो संविधान को सुरक्षित कर रहे हैं, खत्म तो कांग्रेस हो रही है।
सैनी ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए गर्व और गौरव का दिन है, क्योंकि आज ही के दिन एक साल पहले इसी सदन में मुझे हरियाणा की सेवा करने का अवसर मिला था। इसी सदन में मेरी सरकार ने बहुमत हासिल किया था। उस समय विपक्ष ने कई तरह की बातें की थी कि अनुभवी नहीं है, आखिर में ले आए। लेकिन उस दिन इस सदन में जो विश्वास हमें मिला था, वो केवल सदन का बल्कि हरियाणा की जनता का विश्वास था।
सैनी ने कहा कि पिछले एक साल से जनता ने हम पर भरोसा बनाए रखा है। हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के काम किए हैं और गत दिवस आए निकाय चुनावों के परिणामों ने यह साबित कर दिया है। पिछले एक साल में 3 बार लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनावों में हरियाणा की जनता ने हमे आर्शीवाद दिया है। निकायों चुनावों की जीत ने डबल इंजन की सरकार में ट्रिपल इंजन जोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आलोचना करना जन्मसिद्ध अधिकार है। लेकिन आलोचना और आकलन किया जाना है तो अपना भी किया जाना चाहिए। विपक्ष ने अपने समय में क्या किया उसका भी आकलन किया जाना चाहिए। चुनावों के दौरान विपक्ष के नेता सरकार का हिसाब मांग रहे थे, लेकिन जनता ने कांग्रेस का हिसाब दे दिया। उन्होंने विपक्ष की स्थिति को शायराना अंदाज में बयां करते हुए कहा कि तुम्हारे पाँव के नीचे कोई जमीन नहीं है, कमाल तो ये है फिर भी तुम्हें यकीन नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के सदस्यों ने सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लगातार कहा कि सरकार ने कुछ नहीं किया। जबकि सरकार बनते ही हमने बिना पर्ची-बिना खर्ची 26 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया।