अयोध्या में श्रीराम मंदिर बन चुका है, अब मथुरा की बारी - धामीअयोध्या में श्रीराम मंदिर बन चुका है, अब मथुरा की बारी - धामी

चंडीगढ़, 14 मई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अयोध्या में श्री रामलला का भव्य मंदिर बन चुका है,अब मथुरा की बारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर कालखंड में कुछ अलग हुआ है। भाजपा ने श्री राम मंदिर और 370 पर किया गया अपना वादा निभाने का काम किया है। इसी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में और भी कई बड़ी योजनाओं पर काम होना है। इन योजनाओं को धरातल पर लाने का काम होगा और देश में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। 

मंगलवार चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी संजय टंडन के प्रचार के लिए आए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह प्रतिक्रिया भाजपा प्रदेश कार्यालय कमर में प्रेस वार्ता के दौरान दी।

धामी ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और अटक से लेकर कटक तक लगभग सभी राज्यों में वह चुनावी दौरे कर चुके हैं,लेकिन इस बार एक अलग तरह का उत्साह लोगों में दिख रहा है। इस चुनाव को हर वर्ग अपना चुनाव मानते हुए मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए आतुर है।उन्होंने कहा कि यह लहर मोदी ने बिना विश्राम के 140 करोड़ लोगों के लिए दिन रात सतत परिश्रम का प्रतिफल है। देश में पिछले वर्षों में सबसे अच्छी बात यह देखी गई है कि यहां भी डबल इंजन की सरकारें हैं,वे राज्य दुगनी तिगनी गति से आगे बढ़ रहे हैं। वहां केंद्र सरकार की योजनाएं धरातल तक पहुंची है। जिन राज्यों में चाहे डबल इंजन की सरकार नहीं है,वहां गरीब जनता और किसानों के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजे जा रहे अनुदान की स्थिति चिंताजनक है। उन राज्य के लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा।

धामी ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली और पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं,खुद मुख्यमंत्री जमानत पर है। आम आदमी पार्टी की दोनों सरकारें जनता को झूठ बोलकर सत्ता में आई थी और अब वायदे पूरे करने की बारी आई तो दूसरों पर दोष लगा रही है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वह पंजाब की जनता के लिए अपने प्रदेश में कम और दिल्ली की तिहाड़ जेल में ज्यादा मिलते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ रहा है। पंजाब के संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव भारत को विकसित और दुनिया का सिरमौर बनाने का चुनाव है। पिछले दस सालों में मोदी ने अनेक योजनाओं पर काम कराया है। दस साल पहले विदेशों में जब जाते थे,वहां जो व्यवहार होता था, उस स्थिति में बड़ा बदलाव हुआ है। पूरी दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। आज नवाचार,कौशल विकास,शिक्षा,खेल के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय हुए हैं। सीमा सुरक्षा बढ़ी है,तीन तलाक,नारी शक्ति वंदन विधेयक, विरासतों का सम्मान,गुरु गोबिंद सिंह महाराज के साहिबजादों की स्मृति में वीर बहादुर दिवस मनाने की शुरुआत,हेमकुंड साहिब जाने के लिए रोपवे और दुर्गम रास्ता सुगम बनाने जैसी योजनाएं मोदी सरकार की वजह से धरातल पर उतरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पिछले दस साल का कार्यकाल नव निर्माण और पुनर्निर्माण का रहा।

धामी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने 300 सीटों का आह्वान किया था,जनता ने उनकी अपील को गंभीरता से लिया और 300 पार सीटें देने का काम किया था लेकिन, इस बार यह महज नारा या अपील नहीं है,बल्कि देश की जनता का संकल्प है। इसका ऐतिहासिक परिणाम चंडीगढ़ सीट सहित देश की 400 से ज्यादा सीटों पर सामने होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *