हरियाणा में ध्वस्त हो चुकी है कानून व्यवस्था - कुमारी सैलजाहरियाणा में ध्वस्त हो चुकी है कानून व्यवस्था - कुमारी सैलजा

चंडीगढ़, 11 मार्च। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखंड की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने सरकार को आड़े हाथों लिया है।

उन्होंने हरियाणा में हो रही आपराधिक वारदातों के लिए सरकार को घेरते हुए कहा है कि हरियाणा में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। खुलेआम अपराध हो रहे हैं। मुरथल के ढाबे पर एक शराब कारोबारी की खुलेआम हत्या, हरियाणा सरकार और कानून व्यवस्था दोनों पर तमाचा है। पिछले 15 दिनों में चौथी ऐसी वारदात से साफ है कि भाजपा राज में प्रदेश में बदमाशों और अपराधियों का बोलबाला है। ऐसी लगातार वारदातों से हरियाणा की जनता में दहशत का माहौल है। इस सरकार में कोई भी व्यक्ति अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। भाजपा सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाने में पूरी तरह विफल रही है। जिसके कारण आपराधिक गतिविधियां इतनी बढ़ गई है। 

मीडिया को जारी एक बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि इनेलो नेता नफे सिंह राठी की हत्या के बाद प्रदेश में कई वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। जिससे यह भी साफ होता है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया और कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जिसके चलते जनता का सरकार व कानून व्यवस्था से भरोसा उठ गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन की बात करें तो रोहतक में गन प्वाइंट पर व्यापारी से लूट, अंबाला में कैथल के छात्र पर हमला, कुरुक्षेत्र में महिला प्रिंसिपल को गोलियां मारने, गुरुग्राम में व्यापारी को गोलियां मार कर मर्डर जैसी कई घटनाएं घट चुकी हैं। हर दिन सूबे में लूट व हत्या हो रही हैं पर सरकार कानून व्यवस्था को सुधारने की बजाय मौन है। जिसके चलते लोग दहशत के माहौल में है। कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराधी लोग वारदातों को सरेआम अंजाम दे रहे हैं, जिससे साफ है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की बनती है पर भाजपा सरकार को लोगों की सुरक्षा से कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा। कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था में सुधार करने के क्षेत्र में जल्द ही कोई ठोस कदम उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *