जतिंदर सिंह औलख ने पंजाब लोक सेवा आयोग चेयरमैन पद की ली शपथजतिंदर सिंह औलख ने पंजाब लोक सेवा आयोग चेयरमैन पद की ली शपथ

चंडीगढ़, 29 जनवरी। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त चेयरमैन जतिंदर सिंह औलख और पंजाब राज्य सूचना आयोग के नवनियुक्त राज्य मुख्य सूचना कमिश्नर इंदर पाल सिंह को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई।  

यहां पंजाब राज भवन में मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने शपथ ग्रहण समारोह की कार्यवाही चलाई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, ब्रम शंकर जिम्पा और गुरमीत सिंह खुड्डियां, मुख्यमंत्री के विशेष मुख्य सचिव वीके सिंह, डीजीपी गौरव यादव, मुख्यमंत्री के डायरेक्टर मीडिया बलतेज सिंह पन्नू, पंजाब लोक सेवा आयोग के सदस्य गुर प्रताप सिंह मान, सुप्रीत घुम्मन और हरमोहन कौर संधू, राज्य सूचना कमिश्नर असित जॉली और अमृत प्रताप सिंह सेखों के अलावा सिविल और पुलिस के उच्च प्रशासनिक अधिकारी और नव-नियुक्त चेयरमैन और राज्य मुख्य सूचना कमिश्नर के पारिवारिक सदस्य और शुभचिंतक मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि पंजाब कैडर के 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी जतिंदर सिंह औलख गांव बरगाड़ी (फरीदकोट) के रहने वाले हैं। पंजाब पुलिस में 33 साल सेवाएं निभाने के बाद एडीजीपी के रैंक पर इंटेलिजेंस चीफ के तौर पर रिटायर हुए थे। औलख ने पीपीएस नाभा से स्कूली शिक्षा, डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ से बीए (ऑनर्स) और पंजाब यूनिवर्सिटी से एलएलबी और इतिहास विषय में एमए की डिग्री हासिल की।

अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न पदों पर रहे औलख को राष्ट्रीय पुरस्कार (विशेष), विशेष सेवाओं के लिए पुलिस मेडल, पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस, मुख्यमंत्री मेडल और तीन बार डीजीपी की सराहना डिस्क से भी सम्मानित किया जा चुका है।

राज्य मुख्य सूचना कमिश्नर के तौर पर शपथ ग्रहण करने वाले प्रसिद्ध एडवोकेट इंदरपाल सिंह होशियारपुर के निवासी हैं। उन्होंने कानूनी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और वह ब्रिटिश हाई कमीशन के लिए स्टैंडिंग कौंसिल, पैनल भारतीय यूनियन, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के बार कौंसिल सदस्य चुने गए और इसके बाद पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट की बार कौंसिल के उप चेयरमैन चुने गए। उनको 20 अगस्त, 2022 को पंजाब के सीनियर एडीशनल एडवोकेट जनरल के तौर पर नियुक्त किया गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *