धान की सीधी बिजाई के लिए किसानों को पैसा जारी

चंडीगढ़, 5 जनवरी। पंजाब सरकार ने खरीफ सीजन 2023 के दौरान धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) करने वाले 17,007 किसानों के बैंक खातों में 19.83 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं।  

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि साल 2023-24 के दौरान कुल 19,114 किसानों ने डी.एस.आर. पोर्टल पर 1,72,049 एकड़ क्षेत्रफल रजिस्टर्ड किया था। संबंधित जिला अधिकारियों द्वारा पड़ताल करने के उपरांत कुल 18,931 किसानों और डीएसआर के अधीन 1,33,745.67 एकड़ क्षेत्रफल का सत्यापन किया गया है।  

खुड्डियां ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा भूजल को बचाने के लिए किसानों को डी.एस.आर. विधि अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा मौजूदा वर्ष (2023-24) के दौरान धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को 1500 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया था। अब यह रकम सीधी लाभार्थी किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई है।  

उन्होंने बताया कि जांच के बाद लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में कुल 19.83 करोड़ रुपए की सफलतापूर्वक अदायगी कर दी गई है। इस तरह किसानों को 98.8 प्रतिशत रकम की अदायगी कर दी गई है, और बाकी की रकम भी जल्द ही ट्रांसफर कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *