हरियाणा को जल्द मिलेगा अपना राज्य गीतहरियाणा को जल्द मिलेगा अपना राज्य गीत

चंडीगढ़, 15 दिसंबर। हरियाणा के इतिहास, समृद्ध विरासत और संस्कृति को परिलक्षित करने वाला अपना राज्य गीत जल्द ही प्रदेश को मिलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन इस संबंध में सरकारी प्रस्ताव को सदन में पेश किया। सरकार द्वारा चयनित 3 गीतों को सदन में सुनाया गया, जिन पर सदस्यों द्वारा एक गीत को चुनकर उसे एक साल के लिए राज्य गीत घोषित किया जाएगा।

मनोहर लाल ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य 1 नवंबर, 1966 को अस्तित्व में आया लेकिन, हरियाणा की पावन धरा पूर्व-वैदिक काल से ही गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं और संस्कृति का केंद्र रही है। आज हरियाणा प्रदेश की पहचान भारत के अग्रणी राज्यों में होती है। हरियाणा के लोगों ने सदैव देश की रक्षा में अनेक बलिदान दिए हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि यद्यपि हरियाणा का अपना राज्य-चिह्न है, लेकिन प्रदेश का कोई राज्य-गीत नहीं है, जो इसके इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता हो और जिसमें इसके लोगों के गुण और योगदान समाविष्ट हों। एक बार अपनाया गया राज्य गीत सभी हरियाणवियों को उनकी जाति, लिंग, धर्म या आर्थिक स्थिति से इतर, उन्हें एक नई गौरवपूर्ण पहचान प्रदान करेगा।

मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने समाचार पत्रों में विज्ञापनों के माध्यम से जनता से गीत आमंत्रित किये गये थे। इसके जवाब में 204 प्रविष्टियां मिलीं, जिनमें से 3 का चयन किया गया है, जिन्हें सदन के समक्ष राज्य गीत के रूप में विचारार्थ रखा गया। इन विकल्पों का चयन एक विस्तृत प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभ में एक साल की अवधि के लिए राज्य गीत के रूप में अपनाया जाएगा। मुझे आशा है कि राज्य गीत राज्य के लोगों, जिनका हम सभी प्रतिनिधित्व करते हैं, की सामूहिक इच्छा को अभिव्यक्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन के सदस्य गीतों को पढ़कर और सुनकर 19 नवंबर, 2023 को अपने विचार प्रस्तुत करें और यदि गीत का कोई नया प्रारूप भी देना चाहते हैं तो दे सकते हैं।

रेलवे अंडरपास पर लगेंगे शेड
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने एक प्रश्न के जवाब में बताया कि प्रदेश में सभी रेलवे अंडरपास पर लोक निर्माण विभाग द्वारा शेड लगाए जाएंगे, इसकी पॉलिसी बना दी गई है। करनाल और जींद जिला में ये शेड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उन्होंने सदन को बताया कि जींद में एनएच-152 डी और दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के क्रॉस जंक्शन के पास एक इंडस्ट्रीयल मॉडल टाउनशिप बनाने पर विचार चल रहा है। डिप्टी सीएम ने बताया कि जींद में राज्य सरकार की मंजूरी लेने के बाद दो संभावित स्थलों की पहचान की गई है और सभी तंत्रों यानी ई-भूमि, लैंड पूलिंग पॉलिसी-2022 और लैंड पार्टनरशिप पॉलिसी-2022 के माध्यम से खरीद के लिए प्रक्रिया की गई है। ई-भूमि पोर्टल पर भूमि मालिकों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं के आधार पर साइट/क्षेत्र को अंतिम रूप दिए जाने के बाद एचएसआईआईडीसी द्वारा विस्तृत विशिष्ट साइट मूल्यांकन किया जाएगा।
जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि पलवल जिले के कुछ क्षेत्रों में भूमिगत जल की कठोरता अनुमेय सीमा से अधिक होने के कारण शहर के आसपास रैनीवेल योजना के लिए संभावना सर्वेक्षण का कार्य प्रगति पर है। यदि संभव हुआ तो इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

हरियाणा में जल्द ही एम्स का शिलान्यास किया जाएगा – अनिल विज

चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अनिल विज ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने 1 फरवरी 2019 को अपने बजट भाषण में हरियाणा राज्य में देश के 22वें एम्स की स्थापना की घोषणा की थी और जल्द ही हरियाणा में एम्स का शिलान्यास किया जाएगा।

विज ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान एक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने एम्स, रेवाड़ी के निर्माण के लिए 203 एकड़ 3 कनाल 5 मरला भूमि 40 लाख प्रति एकड़ की दर से खरीद की है और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार को पट्टे पर दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि एच०एल०एल० इंफ्रा टेक सर्विसेज लिमिटेड (एच०आई०टी०ई०एस०) को निर्माण स्थल पर पूर्व-निवेश गतिविधियों के लिए 28.11.2022 को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नियुक्त किया गया है और निर्माण कार्य शीघ्र आरम्भ होने की संभावना है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि जुलाई 2023 में आई बाढ़ से अगर किसी व्यक्ति के मकान को नुकसान हुआ है तो अब भी जिला के उपायुक्त को लिखित में अपील की जा सकती है , अगर जांच के बाद नुकसान की रिपोर्ट सही पाई गई तो भरपाई की जाएगी।

वे आज यहाँ हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का ज़वाब दे रहे थे।

By desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *