विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ₹15 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तारविजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ₹15 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, 11 अगस्त। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान, माल हल्का रुड़का, तहसील देहलों, जिला लुधियाना में तैनात पटवारी पुनीत कुमार यादव को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आज यहाँ राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तहसील देहलों, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता की जमीन का बंटवारा करने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस सिलसिले में, आरोपी पटवारी पहले ही शिकायतकर्ता से 35,000 रुपये रिश्वत ले चुका है।

शिकायतकर्ता अवैध रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी पटवारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा के थाना लुधियाना में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जाँच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *