अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 पिस्तौल समेत 4 आरोपी गिरफ्तारअमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 पिस्तौल समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर, 3 मई। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए जारी मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सात आधुनिक पिस्तौलों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सरहद पार से हथियारों की तस्करी के एक और मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21) निवासी महिंद्रा कॉलोनी, अमृतसर; सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23) निवासी गांव फतेहपुर, तरनतारन, जो वर्तमान में अमृतसर के कृष्णा नगर में रह रहा था; तनुप्रीत सिंह (26) निवासी प्रताप नगर, अमृतसर; और करनजोत सिंह उर्फ साजन (26) निवासी कृष्णा नगर, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एमएम ग्लॉक, चीन निर्मित चार .30 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि गैर-कानूनी हथियारों की खेप सरहद पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी, जिसे स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों में वितरित किया जा रहा था।

डीजीपी ने कहा कि आरोपियों के अन्य साथियों का पता लगाने के लिए नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक योजनाबद्ध कार्रवाई में आरोपी समरबीर उर्फ सिमर को दो ग्लॉक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।

आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई में उसके तीन अन्य साथियों—सतनाम उर्फ सत्ता, तनुप्रीत सिंह और करनजोत उर्फ साजन—को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके खुलासों के आधार पर पांच और पिस्तौल बरामद किए गए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी सतनाम उर्फ सत्ता पहले भी व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन की बरामदगी से संबंधित एक मामले में शामिल रहा है, जिसमें उसके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। उन्होंने आगे बताया कि सतनाम सत्ता और करनजोत उर्फ साजन एक ही मोहल्ले में रहते हैं और पाकिस्तान-आधारित हैंडलर के निर्देशों पर मिलकर काम कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पढ़े-लिखे हैं और पहले एक निजी फर्म में सेल्समैन के रूप में काम कर चुके हैं। सभी आरोपी आसपास के इलाकों में रहते हैं और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।

इस संबंध में अमृतसर के पुलिस थाना छावनी में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (1-ए, 6, 7, 8) के तहत एफआईआर नंबर 70 दिनांक 30-04-2026 दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *