नए बूस्टिंग स्टेशन के बनने से कई कालोनियों में बेहतर होगी नहरी पानी की आपूर्ति, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

चंडीगढ़, 29 मार्च: अंबाला छावनी के महेशनगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 1.54 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। यह राशि क्षेत्र में नए बूस्टिंग स्टेशन की स्थापना पर खर्च की जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ नहरी पानी की बेहतर उपलब्धता हो सकेगी।

मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह बूस्टिंग स्टेशन महेशनगर स्थित बब्याल रोड पर पुरानी पानी की टंकी के निकट बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र की दर्जनों कालोनियों में नहरी पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही, यह प्रयास ट्यूबवेल के पानी पर निर्भरता को कम करने में भी सहायक होगा, जो लंबे समय से भूजल स्तर में गिरावट का एक प्रमुख कारण रहा है।

स्वीकृति मिलने पर महेशनगर वार्ड नंबर नौ से पार्षद रेणु चौहान, वार्ड नंबर आठ से पार्षद सोमनाथ तथा भाजपा नेताओं ने मंत्री विज के आवास पर पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। नेताओं ने बताया कि इस बूस्टिंग स्टेशन के बनने से दयालबाग, महेशनगर, भरत नगर, शिवप्रताप नगर, कबीर नगर, ट्यूबवेल कालोनी, बिहारी कालोनी, रामा इस्टेट, गोल्डन पार्क और दयालबाग एफ ब्लॉक सहित कई क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। पहले आर्य नगर में स्थित बूस्टिंग स्टेशन से केवल सीमित क्षेत्रों में ही पानी पहुंच पाता था, लेकिन नई व्यवस्था से व्यापक क्षेत्र कवर हो सकेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *