चंडीगढ़, 1 जून। पंजाब के लोगों को बेहतरीन सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लगातार प्रयासरत है।
उक्त जानकारी आज यहां लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि आज 1 जून को राज्य में 21.53 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई है।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि जिला अमृतसर के अंतर्गत मेहता रोड पर स्थित गेहरी मंडी, जबोवाल, डेहरीवाल महसमनगर सड़क का 17.65 करोड़ रुपए की लागत से नया निर्माण कार्य आज शुरू करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सड़क की कुल लंबाई 20.80 किलोमीटर है और यह कार्य संबंधित ठेकेदार को आवंटित किया जा चुका है। इस कार्य को 6 महीने की समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से यहाँ के निवासियों को यातायात में काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इसी तरह आज विधानसभा हलका भोआ के अंतर्गत 3.58 करोड़ रुपए की लागत से 6.5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 3.58 करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे, जिससे इसे 18 फीट चौड़ा भी किया जाएगा। इससे इस क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन सड़क सुविधाएं मिलेंगी। इस सड़क के बनने से गांव शेरपुर, पंजोड़, फुलप्यारा, सुजानपुर आदि के निवासियों को बहुत लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि शेरपुर-पंजोड़-फुलप्यारा-सुजानपुर मार्ग पर आज 25 साल बाद सुनवाई हुई है, इसके निर्माण से क्षेत्र के 20,000 लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस मार्ग का निर्माण कार्य फरवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। इन मार्गों का अगले पाँच साल तक रख-रखाव ठेकेदार द्वारा किया जाएगा।
इसके अलावा, बीते कल विधानसभा हलका दिड़बा और आसपास के निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, 7.85 करोड़ रुपए की लागत से दिड़बा से बघरौल वाया समूरा, सैफीपुर खुर्द, सैफीपुर कलाँ, 15.60 कि.मी. लंबाई की सड़क का उद्घाटन वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा द्वारा किया गया। यह सड़क दिड़बा से शुरू होकर गांव समूरा, सैफीपुर खुर्द, सैफीपुर कलाँ होते हुए बघरौल तक जाती है। यह सड़क इस इलाके के स्थानीय लोगों और किसानों के लिए दिड़बा अनाज मंडी/शहर पहुँचने के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके अतिरिक्त, गाँव सैफीपुर में धार्मिक स्थल डेरा बाबा अमरनाथ को भी इस सड़क से जोड़ा गया है। इससे इलाका निवासियों को काफी सुविधा मिली है।