जयराम, भाजपा नेताओं को लगी झूठ बोलने की लत - सीएमजयराम, भाजपा नेताओं को लगी झूठ बोलने की लत - सीएम

देहरा, 30 जून। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी और अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के पक्ष में प्रचार किया और नुक्कड़ सभाओं में भाग लिया।

भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा नेताओं को झूठ बोलने की लत लग गई है। जयराम ठाकुर दिन में सपने देख रहे हैं लेकिन भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में नहीं आने वाली है। 

उन्होंने कहा कि पहले जयराम ठाकुर चार जून को हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते रहे लेकिन, उनकी ये बात झूठी साबित हुई है और अब भाजपा की सरकार बनने की नई-नई तारीख देकर जनता के बीच अपना मजाक बनवा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक होशियार सिंह देहरा की जनता को बताएं कि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा क्यों दिया और अब दोबारा विधायक बनने के लिए उप चुनाव क्यों लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और होशियार सिंह यह उप चुनाव जनता पर थोपा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के 38 विधायक हैं और भाजपा किसी भी सूरत में सत्ता में नहीं आने वाली है।

उन्होंने कहा कि होशियार सिंह ने अपनी विधायकी भाजपा को भेजी है और दबाव में आकर विधायक पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक केवल अपने होटल-रिज़ॉर्ट चिंता करते थे और और जनता के काम लेकर कभी भी उनके पास नहीं आते थे। 

सुक्खू ने कहा कि ये देहरा का भाग्य ही होगा कि होशियार सिंह ने विधायक पद से इस्तीफा दिया और अब कांग्रेस पार्टी ने उनकी धर्मपत्नी को यहां से चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत लगभग एक हजार महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये प्रतिमाह पेंशन की दो किस्त प्राप्त हो चुकी है तथा बचे हुए फॉर्म की जांच का कार्य जारी है। जांच पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को उनके खाते में उनके पेंशन के रूप में प्रतिमाह 1500 रुपए प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि देहरा के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और यहां लोगों को सड़क, बिजली और पानी की सुविधा प्रदान करने के लिए भरपूर पैसा उपलब्ध करवाया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में गांवों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए अनेकों योजनाएं शुरू की है।
इधर, धार ग्राम पंचायत की प्रधान इंदिरा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, विधायक केवल सिंह पठानिया, मलेंद्र राजन, नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डॉक्टर राजेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य बीना देवी, पंचायत समिति की सदस्य सुनीता देवी सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *