मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने सदन में हासिल किया विश्वास मतमुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने सदन में हासिल किया विश्वास मत

चंडीगढ़, 13 मार्च। हरियाणा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने आज हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में विश्वास मत हासिल किया है।

सदन में विश्वास प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों द्वारा चर्चा करने के बाद ध्वनि मत से वर्तमान सरकार के पक्ष में विश्वास प्रस्ताव पारित हुआ। नायब सिंह ने कहा कि पहले भी सरकार विश्वास में थी, आज भी विश्वास में है और हरियाणा की जनता का विश्वास भी आज सरकार के साथ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में गत साढ़े 9 सालों में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है, जनता को सुविधाएं मिली हैं, उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान सरकार कड़ी मेहनत के साथ प्रदेशवासियों की सेवा में जुटेगी। लोगों तक सुविधाएं और तीव्र गति से पहुंचे, विकास के नए प्रोग्राम आएं, इसी सोच के साथ हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल की देखरेख में मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

नायब सिंह ने कहा कि सदन में मुख्यमंत्री के तौर पर आज मेरा पहला दिन है। हालांकि, इससे पहले भी वर्ष 2014 से 2019 के बीच विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। उसके बाद लोकसभा में भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और अब केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

स्वयं को भारतीय जनता पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता बताते हुए नायब सिंह ने कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आते हैं और उनके परिवार में राजनीति में कोई भी व्यक्ति नहीं रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा दी गई विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष के बाद आज सदन के नेता के रूप में यहां मौजूद हैं, यह भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और श्री मनोहर लाल का यह अहम जिम्मेदारी देने के लिए आभार व्यक्त किया।

एक बार मोदी सरकार, भाजपा सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोहर लाल ने मिशन मोड में काम करते हुए व्यवस्था में सुधार किया है, जिससे आज सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को घर बैठे मिल रहा है। आज पोर्टल के माध्यम से बुजुर्गों को 3 हजार रुपये प्रति माह पेंशन घर बैठे मिल रही है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रदेश सरकार के प्रयासों से न केवल हरियाणा में व्याप्त कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीति पर विराम लगाया बल्कि लाखों बेटियों को जीवनदान भी मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 9 सालों में हरियाणा कई मामलों में आगे रहा है। बड़े राज्यों में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति जीएसटी संग्रहण, कारों के उत्पादन, एमएसपी पर सर्वाधिक 14 फसलों की खरीद करने, परिवार पहचान पत्र के माध्यम से रियल टाइम डाटा उपलब्धता, खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा सम्मान राशि देने वाला, शत-प्रतिशत पढ़ी लिखी पंचायतों वाला, 72 हजार से अधिक सोलर पंप लगाने, पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने जैसे अनेक मामलों में हरियाणा पहले स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *