संकल्प पत्र सुझाव यात्रा प्रारंभ, भाजपा जनता के द्वार - बिंदलसंकल्प पत्र सुझाव यात्रा प्रारंभ, भाजपा जनता के द्वार - बिंदल

शिमला, 10 मार्च। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने रविवार से संकल्प पत्र सुझाव यात्रा शुरू कर दी।

यह यात्रा प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में जाएंगी और प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में 8-8 वाहन जाएंगे और लोगों से सुझाव लेंगे।

शिमला संसदीय क्षेत्र में इस यात्रा की शुरुआत प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि प्रत्येक वाहन में सुझाव पेटी लगी है जिसमें कोई भी व्यक्ति अपने सुझाव दे सकता है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त हर शहर में 4-5 स्थानों पर सुझाव पेटी लगाई जा रही हैं जिसमें जनता अपने सुझाव डाल सकती है। साथ ही नमो ऐप व मिस्ड काॅल के माध्यम से भी जनता अपने सुझाव दे सकती है। 

बिंदल ने कहा कि हमें तुलना करनी होगी 2004 से 2014 के मध्य कांग्रेस सरकार बनाम 2014 से 2024 के मध्य मोदी सरकार की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन पूरी तरह घोटालों से भरा हुआ शासन रहा जिससे देश शर्मसार हुआ और भ्रष्टाचार में गरीब पिसता रहा, विकास बंद हो गया। जबकि मोदी सरकार के दस वर्ष गरीब कल्याण के, महिला उत्थान के, किसान सम्मान के व युवा विकास के रहे। विगत 10 वर्षों में आतंकवाद, माओवाद, पत्थरबाजी पर अंकुश लगा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कारण देश आर्थिक रूप से दुनिया की सबसे कमजोर आर्थिक स्थिति में पहुंच गया था जिसे मोदी जी ने दुनिया की सबसे मजबूत पांच आर्थिक स्थिति पर लाकर खड़ा किया और जिसे अगले पांच सालों में तीसरे पायदान पर लाया जाएगा।

बिंदल ने कहा कि आर्थिक मजबूती के कारण सड़कों का निर्माण, सुरंगों का निर्माण, रेलवे का विकास, हवाई मार्गों का विस्तार, पेयजल का विस्तार, नए-नए एम्स व आईआईएम का निर्माण स्वास्थ्य व शिक्षा में क्रांतिकारी सुधार संभव हो पाए। हिमाचल इसका बड़ा उदाहरण है जहां पर फोर लेन नेशनल हाईवे का जाल बिछाया जा रहा है। टनल के निर्माण से सड़कों की दूरी को कम किया जा रहा है। मोदी सरकार द्वारा हिमाचल में किया जा रहा है जिससे आने वाले पांच सालों में हिमाचल की दूरियां आधी रह जाएंगी।

प्रधानमंत्री मोदी 11 मार्च को करेंगे फोरलेन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे

भाजपा मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने बताया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च को किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का पुंग तक नई दिल्ली से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।

इस कार्यक्रम को पीटरहॉफ शिमला में सुना जाएगा कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और भाजपा का समस्त नेतृत्व शामिल होगा। 

इस फोरलेन को बनाने में 4,759 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में कंपनी को करीब चार साल लगे। इसमें ग्रीन फील्ड की लंबाई 47.753, ब्राउन फील्ड की 21.45 किलोमीटर है। 14 अगस्त, 2019 को ब्राउन फील्ड का 249 करोड़ का टेंडर अवॉर्ड हुआ था। 27 नवंबर, 2019 को काम शुरू हुआ और 30 अप्रैल, 2023 को इसे पूरा कर लिया गया। ग्रीन फील्ड का टेंडर 16 अक्तूबर, 2020 को अवॉर्ड हुआ और 12 अगस्त, 2021 को काम शुरू कर 7 जून, 2023 को इसे पूरा कर दिया। इस परियोजना में पांच टनल बनाई गई हैं। इनमें सबसे बड़ी टनल 1,800 मीटर गरामोड़ा, टीहरा टनल 1,265 मीटर, भवाणा टनल 740 मीटर, तुन्हू टनल 550 मीटर और सबसे छोटी टनल बागछाल 465 मीटर है। सभी टनल डबल लेन तैयार हो गई हैं। चार टनल की समानांतर सुरंग के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। गरामोड़ा टनल की समानांतर सुरंग का काम चल रहा है। उसका काम भी काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना में कुल 37 पुल बने हैं। इनमें 22 बड़े और 15 छोटे पुल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *