एशियाई खेलों में दो पदक जीतने वाले शूटर सरबजोत सिंह ने गृह मंत्री अनिल विज ने से आर्शीवाद लिया, मंत्री विज ने प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपए स्वैच्छिक कोष से दिए

चंडीगढ़, 04 अक्तूबर – हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि “अम्बाला में खिलाड़ी अब अंतराष्ट्रीय खेल सुविधाओं पर अभ्यास कर विश्वस्तर पर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं और आज मेरी मेहनत कामयाब हो गई है, मैं इसीलिए मेहनत कर रहां हूं कि अम्बाला के बच्चे विश्व स्तर पर छाए और शूटर सरबजोत सिंह ने इसकी शुरूआत कर दी है।”

श्री विज से बुधवार उनके आवास पर चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियाई खेलों में शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले अंबाला के शूटर सरबजोत सिंह ने आशीर्वाद लिया। गृह मंत्री श्री अनिल विज ने खिलाड़ी को हार्दिक शुभकामनाए देते हुए कहा कि सरबजोत सिंह ने एशियाई खेलों में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर देश का नाम ऊंचा किया और इससे अम्बालावासियों का सीना भी चौड़ा कर दिया है। उन्होंने बताया कि अम्बाला छावनी के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में उन्होंने फायरिंग रेंज बनाकर दी थी जहां सरबजोत ने अभ्यास कर शूटिंग को सीखा है।

गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में शूटिंग के अलावा हमने अन्य खेलों का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का ढांचा उपलब्ध कराया है जिसमें जिम्नास्टिक, फुटबाल स्टेडियम, ऑल वेदर स्वीमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल शामिल है। खेलों की विश्व स्तरीय सुविधाएं यहां उपलब्ध हैं जहां खिलाड़ी अभ्यास कर विश्व स्तर पर अम्बाला का नाम अब रोशन कर रहे हैं।

वहीं गृह मंत्री श्री अनिल विज ने खिलाड़ी को प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपए अपने स्वैच्छिक कोष से देने की घोषणा की। इस अवसर खिलाड़ी सरबजोत सिंह के पिता जितेंद्र सिंह, अम्बाला सेंट्रल फीनिक्स क्लब के चेयरमैन डा. नीरज पराशर, पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल एवं अन्य मौजूद रहे।

एशियाई खेलों में दो पदक जीतने वाले शूटर सरबजोत सिंह ने गृह मंत्री श्री अनिल विज द्वारा अम्बाला छावनी में उपलब्ध कराई गई खेल सुविधाओं की प्रशंसा की। सरबजोत सिंह ने कहा कि मंत्री विज ने प्रयासों से अम्बाला छावनी के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में फायरिंग रेंज की स्थापना हुई थी और इसी फायरिंग रेंज में अभ्यास कर वह आज विश्व स्तर पर पदक जीतने में कामयाब हो पाया है। सरबजोत ने बताया कि अम्बाला छावनी में खेलों का ढांचा विश्वस्तर पर पहुंच गया है जिसका खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है।

मौके पर अम्बाला सेंट्रल फीनिक्स के चेयरमैन डॉ. नीरज पराशर एवं पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल ने गृह मंत्री अनिल विज का हार्दिक धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अनिल के प्रयासों से फीनिक्स क्लब में कुछ वर्ष पूर्व शूटिंग रेंज की स्थापना हो सकी थी। इस शूटिंग रेंज में आज कई बच्चे अभ्यास कर रहे हैं और सरबजोत सिंह भी यहीं से शूटिंग सीख कर आगे पहुंच पाया है।