सिरसा में बाढ़ के हालात नियंत्रण में, शहरवासी ना घबराएं – रणजीत सिंह

चण्डीगढ़, 20 जुलाई – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि सिरसा व फतेहाबाद में लोगों  के सहयोग से जिला प्रशासन ने जलभराव की स्थिति पर काबू पा लिया गया है। फतेहाबाद से आने वाला पानी शहर में न आए, इसके लिए पहले से ही पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं।


चौधरी रणजीत सिंह आज सिरसा में एक पत्रकारवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि फतेहाबाद की ओर से आ रहा पानी शहर में नहीं आएगा। पानी को रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। दो जगह पर फुलकां व बाजेकां के पास बांध बनाए गए हैं। इसके अलावा, रंगोई नाले कटाव को भी 70 प्रतिशत तक भर लिया गया है।


ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पिछले क्षेत्रों में रिकॉर्ड बारिश होने के चलते जलभराव के ऐसे हालात बने हैं। घग्गर में पहले जहां पानी तीन-चार दिन में कम हो जाता था, लेकिन इस बार पिछले एक सप्ताह से लगातार पानी आ रहा है। ओटू हैड से 40 हजार व 4 हजार स्थानीय नहरों में डिस्चार्ज हो रहा है। सरदूलगढ व गुहला चीका हेड पर पानी बढा है, जिसे यहां आने में दो दिन लगेंगे। पिछले एक घंटे में पानी कम हुआ है। स्थिति के हिसाब से हालात को नियंत्रण किया गया है।

कोविड  काल की भांति प्रशासन दिन-रात कर रहा कार्य

चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से कोविड के समय में प्रशासन ने मेहनत कर स्थिति को नियंत्रित किया था, ठीक उसी प्रकार बाढ़ के हालात को नियंत्रण व बचाव कार्य मे दिन-रात लगा हुआ है। इसी मेहनत का नतीजा है कि इतने बड़े स्तर पर पानी के बहाव को नियंत्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मैन पावर के साथ जगह-जगह मशीनरी लगाई गई हैं, जो दिन-रात कार्य कर रही हैं।

लोगों का मिल रहा है सहयोग, संस्थाएं भी आ रही हैं आगे

उन्होंने कहा कि सिरसा में बाढ़ की स्थिति को नियंत्रण करने व प्रभावी क्षेत्रों में राहत कार्यों में लोगों का बहुत बड़ा सहयोग रहा है। ट्रैक्टर-ट्राली व अन्य संसाधनों से तटबंधों को मजबूत करने में कड़ी मेहनत की है। इसी प्रकार सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने न केवल जगह-जगह हुए कटाव को भरने व तटबंधों को मजबूत करने का काम किया है, बल्कि प्रभावित क्षेत्र में लोगों को भोजन आदि की भी व्यवस्था की है।