Saharanpur News

पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे: कृषि मंत्री जेपी दलाल

चंडीगढ़, 21 जुलाई-

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जेपी दलाल ने जिला भिवानी में आज हांसी रोड़ के तिगड़ाना मोड़ पर पौधे लगाकर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने शहर  में अलग-अलग जगहों पर पौधे लगाकर जिलावासियों से मानसून के मौसम के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल कर उनको जिंदा रखना भी जरूरी है।

श्री जेपी दलाल ने अपने संदेश में कहा कि दिन-प्रतिदिन पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है, जिसका मुख्य कारण वन क्षेत्र का घटना है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है, जिससे बेमौसमी बरसात और बाढ़ के हालात पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि हमने अपनी भौतिक जरूरतों को पूरा करने लिए वन क्षेत्र को कम कर दिया है, जितनी संख्या में पेड़ों की कटाई होती है, उतनी संख्या में पेड़ लगाने भी जरूरी  हैं। पेड़ों से पर्यावरण का संतुलन बना रहता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के धुएं से प्रदूषण का आलम बनता है, इस प्रदूषण से निजात केवल और केवल पेड़ ही दे सकते हैं।

कृषि मंत्री ने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के जन्मदिवस व बुजुर्गों के याद में पौधारोपण करें। इससे पौधे के साथ विशेष लगाव बनता है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल भी जरूरी है। कम से कम तीन या चार साल तक  पौधों की देखभाल करें और उसको सुरक्षा चक्र प्रदान करें ताकि पशु आदि उसको नुकसान न पहुंचा सके। मानसून मौसम के बाद पौधे में नियमित रूप से पानी देना भी जरूरी है।

उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए पौधारोपण अभियान पर डीसी नरेश नरवाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जिले भर में एक साथ लाखों पौधे लगाकर एक बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। इससे आमजन में बहुत ही अच्छा संदेश जाता है।

इस दौरान उपायुक्त श्री नरेश नरवाल ने कृषि मंत्री को बताया कि पौधारोपण के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। जिलाभर में छह लाख से भी अधिक पौधे इस मानसून सीजन में लगाए जाएंगे। मुख्य रूप से पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, सिंचाई विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग आदि प्रमुख विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यालय परिसरों व उपयुक्त जगहों पर पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय द्वारा शहर में सडक़ों के साथ-साथ पार्क व प्रवेश मार्गों पर पौधे लगाए जा रहे हैं।

कृषि मंत्री ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हांसी रोड़ स्थित तिगड़ाना मोड़ से राजीव गांधी महिला महाविद्यालय से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद भगत सिंह चौक से चंद्रशेखर आजाद चौक तक, महम रोड, नया बस स्टैंड से निनाण बाईपास तक व भिवानी-लोहारू रोड पर पौधारोपण कर नागरिकों से पर्यावरण का संरक्षण का आह्वान किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, एडीसी अनुपमा अंजलि, एसडीएम दीपक बाबू लाल करवा आईएएस, पूर्व विधायक शशि परमार ने भी पौधारोपण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।